केंद्र में कांग्रेस सरकार बनी तो जीएसटी की दरों में करेंगे बदलाव: राहुल गांधी

न्यूज़ गेटवे / जीएसटी की दरों में करेंगे बदलाव/ शिलांग

  कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में महिला नेताओं के नहीं होने की आलोचना की है। इस संगठन के नेतृत्व में महिलाओं की उपस्थिति शून्य है। कांग्रेस अध्यक्ष अभी मेघालय के दौरे पर हैं। वह मेघालय में 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रचार करने आए हैं। इस राज्य में कांग्रेस 15 वर्षो से सत्ता में काबिज है। शिलांग में सेंट एडमंडस् कॉलेज में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘यदि कांग्रेस केंद्र में सत्तासीन होती है तो हम जीसएटी की संरचना में बदलाव करने के साथ इसे और आसान करेंगे।’

वहीं केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘हम आरएसएस की विचारधारा से पूरे देश में लड़ रहे हैं। एक तरह की विचारधारा को पूरे देश पर थोपा जा रहा है। भाजपा और आरएसएस पूरे देश में, खासकर पूर्वोत्तर में, यहां की संस्कृति, भाषा और जीने के तरीके को कमजोर कर रही है।’

राहुल ने सवाल किया, ‘क्या किसी को भी पता है कि संघ में कितनी महिलाएं महत्वपूर्ण पदों पर हैं? शून्य। यदि आप महात्मा गांधी की तस्वीर देखेंगे तो आप हमेशा उनके दाएं-बाएं और उनके पीछे महिलाओं को पाएंगे। लेकिन यदि आप मोहन भागवत की तस्वीर देखिए तो वह अकेले दिखेंगे या उन्हें पुरुषों से घिरा पाएंगे। वह महिलाओं से कभी घिरे नहीं दिखेंगे।’

महिलाओं की कांग्रेस पार्टी में स्थिति के बारे में बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘कांग्रेस में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यहां चुनाव लड़ने के लिए पुरुषों की संख्या और महिलाओं की संख्या संतुलित रहती है। मैं मेघालय में महिलाओं को पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना चाहूंगा ताकि हम अधिक से अधिक महिलाओं को चुन सकें।’

यहां आपको ये भी बता दें कि मंगलवार को कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी शिलांग में एक म्‍यूजिकल नाइट में मौजूद थे। लेकिन यहां पर उन्हों ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की और जोवाल का दौरा भी किया। यहां पर वह लोगों से मिले और लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। राहुल गांधी ने एक ट्वीट कर बताया है कि इस दौरे के साथ ही उन्होंने मेघालय में अपनी पार्टी के इलेक्शन कैंपेन को भी शुरू कर दिया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि यहां पर उनका स्वाागत काफी संख्या में मौजूद लोगों ने किया।

उन्होंने यह भी लिखा है कि वह और उनका परिवार लंबे समय से पूर्वी भारत से जुड़े रहे हैं और हर दौरे के साथ यह रिश्ता और मजबूत होता गया है। निर्धारित समय से पहले चुनाव की तैयारी के लिए पार्टी कैडर में सियासी उत्साह भरने के लिए नेतृत्व के साथ सीधे संवाद के विकल्पों पर मंथन हो रहा है। इस लिहाज से बजट सत्र के पहले चरण के समाप्त होने के बाद फरवरी के अंत में कांग्रेस का प्लेनरी सत्र बुलाने की संभावनाओं को टटोला जा रहा है।

You may have missed

Subscribe To Our Newsletter