अमेरिका में शटडाउन का असर, व्हाइट हाउस में कम हो जाएंगे एक हजार कर्मचारी

न्यूज़ गेटवे /  अमेरिका में शटडाउन/ वाशिंगटन /

अमेरिका में शटडाउन के असर से राष्ट्रपति आवास व्हाइट हाउस भी अछूता नहीं रहेगा। इसके चलते वहां बहुत कम कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। इसके अलावा अमेरिका के कई विभागों में कर्मचारी नहीं होंगे और कई में कामकाज सामान्य रहेंगे।ट्रंप प्रशासन ने बताया कि व्हाइट हाउस के 1,715 कर्मचारियों में से 1,000 कर्मचारी छुट्टी मनाएंगे। राष्ट्रपति को संवैधानिक कार्य पूरे करने के लिए पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें व‌र्ल्ड इकोनोमिक फोरम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हिस्सा लेने के लिए दावोस यात्रा की योजना से जुड़े कर्मचारी शामिल रहेंगे।
सेना : रक्षा विभाग ने बताया कि अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना के युद्ध या इराक और सीरिया में आतंकियों के खिलाफ अभियान पर शटडाउन का असर नहीं पड़ेगा।
न्याय विभाग : विभाग में कई आवश्यक सेवा कर्मचारी हैं। करीब 1,15,000 कर्मचारियों में से करीब 95,000 कर्मचारी काम करेंगे। सुप्रीम कोर्ट समेत संघीय कोर्ट में बिना अतिरिक्त फंडिंग के करीब तीन हफ्ते तक कामकाज जारी रह सकता है।
नेशनल पार्क : ट्रंप प्रशासन की नेशनल पार्क खुला रखने की योजना है। इनमें रेंजर और सुरक्षा गार्ड को ड्यूटी पर लगाया जाएगा। 2013 में पार्कों को बंद दिया गया था जिससे करीब 50 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ था।
पर्यटक स्थल : 2013 में वाशिंगटन के स्मिथसोनियम जैसे पर्यटक स्थल बंद कर दिए गए थे और लिंकन मेमोरियल, संसद की लाइब्रेरी और राष्ट्रीय अभिलेखागार में बैरिकेड लगाए गए थे। इस बार ट्रंप प्रशासन ओपन एयर स्मारकों को खुला रखेगा।
ऊर्जा विभाग : इस विभाग में कामकाज सामान्य रहेगा। कर्मचारियों को ड्यूटी पर रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।
भारत से अमेरिका जाने वाली उड़ानें प्रभावित नहीं होंगी
अमेरिका में शटडाउन का दुनिया भर में प्रभाव पड़ेगा। लेकिन भारत से अमेरिका जाने वाली उड़ानें पहले की तरह जारी रहेंगी। सूत्रों ने बताया कि भारत से जाने वाली किसी भी उड़ान को रद नहीं किया गया है। यात्रियों पर तुरंत इसका प्रभाव तो नहीं पड़ेगा लेकिन नागरिक विमानन उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि अमेरिकी सरकार का शटडाउन लंबे समय तक रहा तो निकट भविष्य में इसका प्रभाव पड़ेगा।

ट्रेवल व्यवसाय से जुड़ी कंपनी कॉक्स एंड किंग के अधिकारी करण आनंद ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार एयरलाइंस काम कर रही हैं। एटीसी, इमीग्रेशन और कस्टम विभाग आवश्यक सेवा में आते हैं और शटडाउन में शामिल नहीं हैं। यात्राडॉटकॉम के अधिकारी शरत ढाल का कहना है कि भविष्य में अमेरिका जाने वाले लोगों पर इसका असर नहीं होगा। लेकिन भारत या अन्य देश जाने वाले अमेरिकी नागरिकों के पासपोर्ट प्रोसेसिंग में देरी हो सकती है। एयर इंडिया की अमेरिका जाने वाली कोई उड़ान रद नहीं हुई है।

क्या है अमेरिकी शटडाउन
अमेरिका में एंटीडेफिशिएंसी एक्ट लागू है। इस एक्ट के तहत अमेरिका में पैसे की कमी होने पर संघीय एजेंसियों को अपना कामकाज रोकना पड़ता है। यानी कर्मचारियों को छुट्टी पर भेज दिया जाता है। इस दौरान उन्हें वेतन भी नहीं दिया जाता। ऐसी स्थिति में सरकार संघीय बजट लाती है, जिसे हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव और सीनेट दोनों में पारित कराना जरूरी होता है। ऐसे फंडिंग बिल के पास नहीं होने से तकनीकी तौर पर सरकार का खजाना खाली हो जाएगा।

You may have missed

Subscribe To Our Newsletter