उग्र भीड़ ने थाने से खींच दो बलात्कारियों को सरेराह मार डाला

न्यूज़ गेटवे / सरेराह मार डाला/ गुवाहाटी /

पिछले साल नगालैंड में बलात्कार के आरोपी एक व्यक्ति को सरेआम उग्र भीड़ की ओर से पीट-पीट कर मार डालने की घटना की पुनरावृत्ति इस बार पड़ोसी अरुणाचल प्रदेश में हो गई। पांच दिन पहले एक युवती से सामूहिक बलात्कार और फिर उसे मार डालने के अपराध का फैसला बड़ी संख्या में आक्रोशित लोगों ने कर डाला। पुलिस हिरासत से दो कथित बलात्कारियों को घसीट चौराहे पर पीट-पीट निर्वस्त्र कर मार डाला और दोनों के बेजान जिस्म बलात्कारियों को सबक सिखाने के लिए डाल दिया।

घटना अरुणाचल प्रदेश के तेजू स्थित सेंटर प्वाइंट की है। सोमवार की सुबह बड़ी संख्या में उग्र भीड़ दोनों आरोपियों को स्थानीय थाने से खींच लाई थी। संजय साबर और जगदीश लोहार नामक उक्त दो लोगों पर विगत 12 फरवरी को वाक्रो सर्किल के नाम्गो गांव की एक अल्पवयस्क बालिका के साथ बलात्कार और हत्या का आरोप था।

मिली जानकारी के अनुसार बलात्कार की शिकार लड़की का शव नाम्गो गांव के पास एक चाय बागान से बरामद किया गया था। बाद में पुलिस ने उक्त दोनों युवकों को घटना से जुड़ा बताते हुए गिरफ्तार कर लिया था।

उग्र भीड़ उन दोनों का फैसला तत्काल करने पर उतारू थी। लोगों की बड़ी संख्या के आगे पुलिस भी असहाय नजर आई। दोनों को घसीट कर भीड़ ने बुरी तरह पीटा, और फिर उनकी निर्जीव देह बीच रास्ते पर डाल दी। मारे गए दोनों लोग असम के बताए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार वे अरुणाचल प्रदेश में मजदूरी की खोज में गए थे।

You may have missed

Subscribe To Our Newsletter